![]()
पाली जिले के सिरियारी थाना क्षेत्र के धनला गांव में मंगलवार रात को जैन मंदिर सहित 10 मकानों के ताले तोड़ दिए गए। चोर जो कुछ भी हाथ लगा, उसे लेकर फरार हो गए। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार चोर नजर आए। घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार को पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में जुट गई। सिरियारी थाने के SHO हुकमगिरी ने बताया कि धनला गांव के जैन मंदिर से चोर चांदी के छत्र आदि सामान चुराकर ले गए। इसके साथ ही मोहल्ले के सुभाष सोनी के घर से भी सोने-चांदी के कुछ सामान चोरी कर ले गए। सुभाष अपने परिवार सहित जसोल गए हुए थे। मोहल्ले के अन्य कई मकानों के भी चोरों ने ताले तोड़े हैं। ज्यादातर मकान बंद हैं। ऐसे में वहां से क्या-क्या चोरी हुआ है, यह रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। घटना की जानकारी मिलने पर मारवाड़ जंक्शन के SDM महावीर सिंह जोधा और सोजत के सीओ रतनाराम देवासी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। MOB टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। सीसीटीवी में नजर आए चार संदिग्ध
घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें चार संदिग्ध रात के अंधेरे में मोहल्ले में घूमते और घरों में घुसते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने चेहरे रूमाल से छिपाने का प्रयास किया। 10 दिन के भीतर तीसरी चोरी
गांव में महज 10 दिनों के भीतर तीसरी चोरी की वारदात सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जैन मोहल्ले में, जहां चोरी हुई, वहां के अधिकांश मकान मालिक व्यापार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। करीब 10 दिन पहले भी धनला गांव स्थित धनलक्ष्मी इलेक्ट्रिक एंड सेनेट्री की दुकान में चोरी हुई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
Source link
जैन मंदिर सहित 10 मकानों के ताले टूटे, छत्र चोरी:CCTV में नजर आए चोर; पाली के धनला गांव में हुई वारदात
