![]()
पीलीभीत के थाना क्षेत्र के गांव बसंतपुर में भतीजे का झगड़ा छुड़ाने गए 46 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना 26 अगस्त की शाम को हुई, जब गांव के ही एक शख्स ने शराब के नशे में धुत होकर युवक पर लोहे के कड़े से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक की देर रात मौत हो गई। मृतक की पहचान बसंतपुर निवासी रामपाल (46 वर्ष) पुत्र पुन्नू लाल के रूप में हुई है। रामपाल देहरादून में मजदूरी करते थे और रक्षाबंधन के त्योहार के लिए तीन दिन पहले ही अपने परिवार के साथ गांव आए थे। 26 अगस्त की शाम करीब छह बजे रामपाल अपने बेटे शिव कुमार के साथ बाजार से लौट रहे थे। गांव के बाहर उन्होंने देखा कि गांव का ही अनिल शराब के नशे में उनके भतीजे सूरज के साथ मारपीट कर रहा था। रामपाल ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराने का प्रयास किया। इस बात से नाराज होकर आरोपी अनिल ने सूरज को छोड़कर रामपाल पर हमला कर दिया। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों और हाथ में पहने भारी लोहे के कड़े से रामपाल पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोट लगने से रामपाल सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए। परिजन रामपाल को घर ले आए, लेकिन रात में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी अनिल फरार है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक रामपाल के एक बेटा शिवकुमार और दो बेटियां हैं। बेटा अविवाहित है, जबकि बेटियों की शादी हो चुकी है। न्यूरिया थाना अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और जांच की जा रही है।
Source link
झगड़े का बीच बचाव करने पहुंचे युवक की हत्या:शराब के नशे में धुत आरोपी ने किया हमला, देर रात को तोड़ा दम
