![]()
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के बीच मुजफ्फरनगर का ऐतिहासिक शिव चौक आस्था, भक्ति और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हर दिन यहां अलग-अलग थीम पर तैयार भव्य कांवड़ श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे दिल्ली से आए शिवभक्तों की टोली ढाई लाख रुपए की लागत से तैयार ‘राम दरबार’ कांवड़ लेकर शिव चौक पहुंची। इसकी भव्यता देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विशेष कांवड़ में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भगवान शिव, भगवान गणेश और पंचमुखी हनुमान की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और कलात्मक सजावट से सजी इस कांवड़ ने शिव चौक पहुंचते ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। श्रद्धालु कांवड़ के साथ फोटो और वीडियो बनाते नजर आए, जबकि पूरे क्षेत्र में “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। ढाई लाख रुपए में तैयार हुई विशेष कांवड़ दिल्ली निवासी शिवभक्त संदीप ने बताया कि इस विशेष कांवड़ को तैयार कराने में करीब ढाई लाख रुपए की लागत आई है। उनकी टोली कई वर्षों से कांवड़ यात्रा कर रही है और हर बार अलग थीम पर कांवड़ तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच आस्था का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि इस बार ‘राम दरबार’ की झांकी के माध्यम से भगवान श्रीराम और भगवान शिव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की गई है। 7 साल बाद फिर लाए विशेष कांवड़ संदीप ने बताया कि करीब सात साल पहले भी उनकी विशेष कांवड़ काफी चर्चा में रही थी। इस बार बाबा भोलेनाथ की कृपा से वह फिर एक भव्य कांवड़ लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि भगवान शिव उन्हें हर वर्ष इसी तरह कांवड़ यात्रा का अवसर देते रहें और भविष्य में वे इससे भी अधिक आकर्षक और भव्य कांवड़ लेकर आएं। रोज 30 किलोमीटर पैदल चल रही टोली शिवभक्तों ने बताया कि उनकी टोली हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकली है और प्रतिदिन करीब 30 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर रही है। उनके अनुसार कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। शिव चौक पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ मुजफ्फरनगर के ऐतिहासिक शिव चौक पर पहुंची ‘राम दरबार’ कांवड़ देर रात तक श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ी संख्या में लोगों ने कांवड़ के साथ तस्वीरें और वीडियो बनाए। भक्ति गीतों और “बोल बम” के जयघोष के बीच पूरा शिव चौक भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
Source link
ढाई लाख की 'राम दरबार' कांवड़ आकर्षण बनी:मुजफ्फरनगर में 7 साल बाद फिर लेकर पहुंचे दिल्ली के शिवभक्त, उमड़ी भीड़
