![]()
जमशेदपुर के भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास स्कूटी में टक्कर मारने के बाद एक लाल रंग की कार तेज रफ्तार में भागती रही। कार में सवार दो युवक और दो युवतियां कथित तौर पर नशे की हालत में थे। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और सूचना पर सीतारामडेरा थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, इसी दौरान कार के दो टायर ब्लास्ट हो गए। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और क्षतिग्रस्त टायरों के साथ तेज रफ्तार में भागता रहा। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने भी कार का पीछा शुरू किया। करीब तीन किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बागुनहातु में कार अचानक रुक गयी। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने कार में सवार दो युवक और दो युवतियों को पकड़कर सिदगोड़ा थाना ले गयी। स्कूटी चालक को लगी है हल्की चोट पुलिस के अनुसार घटना रात करीब नौ बजे की है। भुइयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के पास लाल कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक को हल्की चोट लगी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। इसी बीच कार सवार युवक पुलिस को देखकर कार लेकर भागने लगे। रास्ते में कार के दो चक्के ब्लास्ट होने के बावजूद उन्होंने वाहन नहीं रोका। पुलिस लगातार उनका पीछा करती रही। सिदगोड़ा थाना की पुलिस को भी इसकी सूचना दी गयी, जिसके बाद पीछा कर रही पुलिस टीम ने बागुनहातु में कार को रोक लिया। कार पर महाराष्ट्र का नंबर एमएच 12 एलबी 1776 दर्ज है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। कार से बीयर की बोतल, सिगरेट और बेसबॉल बैट मिला सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि कार सवार सभी चार लोग नशे की हालत में थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें बीयर की बोतल, सिगरेट, बेसबॉल बैट समेत अन्य सामान बरामद किये गये। पुलिस ने दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में सवार युवक-युवतियां दुर्घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए वाहन लेकर भाग रहे थे। टायर ब्लास्ट होने के बाद भी कार को नहीं रोकने से सड़क पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। कार की स्थिति, दुर्घटना के कारण और उसमें सवार लोगों की भूमिका समेत अन्य बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
Source link
स्कूटी में टक्कर के बाद कार का टायर ब्लास्ट:जमशेदपुर में 3 किमी तक भागती रही लाल कार, शराब-सिगरेट सहित 4 युवक-युवती धराए
