![]()
मनावर पुलिस ने ढोल ग्यारस के जुलूस में हुए हत्या के तीन आरोपियों को पकड़ा है। मनावर से 15 किलोमीटर दूर ग्राम देवरा में डीजे पर नाचने की बात को लेकर हुए विवाद में 18 साल के युवक विकास किराड़े की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका साथी सावन धारवे घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने तीसरे आरोपी का नाम नहीं बताया है। मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव के मुताबिक, 22 सितंबर की रात करीब 9 बजे ग्राम अवलदमान निवासी प्रभांशु अपने दोस्त विकास किराड़े, सावन धारवे और कान्हा के साथ देवरा गांव में ढोल ग्यारस का कार्यक्रम देखने गया था। वहां डीजे पर नाचने की बात पर कुछ युवकों से उनका झगड़ा हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें विकास की मौत हो गई और सावन घायल हो गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज किया। शिकायत में बताया गया था कि हमला करने वाला मुख्य आरोपी पीली टी-शर्ट पहने हुए था। 15 गांवों में तलाश, पीली टी-शर्ट से हुई पहचान पुलिस ने पीली टी-शर्ट वाले संदिग्ध की तलाश में आसपास के 12 से 15 गांवों में अभियान चलाया। वीडियो फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी नाबालिग की पहचान की गई और उसे 24 घंटे में पकड़ लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया। नाबालिग आरोपी भेजा गया बाल सुधार गृह नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह झाबुआ भेज दिया गया है। थाने के बाल मित्र कक्ष में पुलिस अधिकारियों ने नाबालिग को अपराध का रास्ता छोड़कर पढ़ाई करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की समझाइश दी, साथ ही उसके परिजनों को भी बच्चों की सही देखभाल करने की हिदायत दी।
Source link
ढोल ग्यारस के जुलूस में युवक की हत्या, एक घायल:दो नाबालिग समेत तीन आरोपी हिरासत में; आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती
