Headlines

तकलेच सड़क की टायरिंग के एक माह बाद ही मरम्मत:गुणवत्ता पर उठे सवाल, PWD मंत्री से शिकायत की तैयारी




रामपुर के तकलेच क्षेत्र में हाल ही में बनकर तैयार हुई सड़क की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर टायरिंग (लुक-कोलतार बिछाने) का काम पूरा हुए अभी महज एक महीना ही बीता है, लेकिन स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि अभी से इसकी मरम्मत शुरू करनी पड़ रही है। इस स्थिति ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली और विभागीय निगरानी पर बड़े प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। स्थानीय जनता और पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस मामले को ठंडे बस्ते में नहीं जाने देंगे और भविष्य में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएंगे। मानकों की अनदेखी का आरोप, पहले भी दी थी चेतावनी तकलेच पंचायत के प्रधान सुनील कायथ ने लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्य के दौरान तय मानकों का पालन किया गया होता और सड़क की आधार परत (गिट्टी व गटका) को ठीक से बिछाया जाता, तो इतनी जल्दी मरम्मत की नौबत नहीं आती। प्रधान कायथ ने खुलासा किया कि उन्होंने सड़क निर्माण के समय ही संबंधित अधिकारियों को काम में बरती जा रही कमियों के बारे में आगाह किया था, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी आपत्तियों और चेतावनियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। सरकारी धन के दुरुपयोग पर ग्रामीणों में रोष इस घटिया निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के तुरंत बाद सड़क का टूटना सरकारी धन का सीधे तौर पर दुरुपयोग है। यदि आने वाले दिनों में भारी बारिश होती है, तो यह सड़क पूरी तरह बह जाएगी और स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो सकती है। विभाग को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार की जवाबदेही तय करनी चाहिए। मंत्री से होगी शिकायत, आंदोलन की चेतावनी पंचायत तकलेच के प्रधान, सुनील कायथ ने कहा कि तकलेच सड़क निर्माण में बरती गई घोर लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की लिखित शिकायत सीधे लोक निर्माण मंत्री से की जाएगी। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *