Headlines

दनुआ घाटी में आपस में टकराए तीन वाहन:30 फीट खाई में गिरा ट्रक, चालक-खलासी की मौत, तीन घायल, दो हजारीबाग रेफर




हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड एनएच-19 की दनुआ घाटी में तीन वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में पुल के नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक के चालक और उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल चौपारण थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने खाई में पुल के नीचे गिरे ट्रक से चालक और खलासी के शवों को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। हादसे में तीन घायल, दो की स्थिति गंभीर दुर्घटना के बाद स्थानीय आपात मित्र एंबुलेंस चालक शक्ति कुमार ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें से दो घायलों की स्थिति गंभीर बतायी गयी, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं एक घायल का इलाज चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही जारी है। हादसे की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये और राहत-बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। खाई में ट्रक के गिरने के कारण शवों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। चालक-खलासी की पहचान की कोशिश जारी चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना में जान गंवाने वाले चालक और खलासी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए वाहनों से मिले दस्तावेजों और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटायी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों वाहनों के बीच टक्कर किस परिस्थिति में हुई। हादसे के बाद एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य भी जुटाये हैं। दनुआ घाटी में लगातार होते हैं हादसे दनुआ घाटी एनएच-19 का दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। घाटी में तीखे मोड़, ढलान और वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यहां अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, घाटी में भारी वाहनों के अनियंत्रित होने से कई बार गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार को भी तीन वाहनों की भिड़ंत के बाद एक ट्रक का करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरना इसी खतरे को सामने लाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, खतरनाक स्थानों पर पर्याप्त संकेतक लगाने और वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *