![]()
दरभंगा जिला प्रशासन छात्र संगठनों के बिहार बंद को लेकर अलर्ट मोड में हैं। शहर में जगह-जगह स्टूडेंट्स और विपक्षी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन और सड़क जाम की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी की ओर से जारी अपील में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का आग्रह किया गया है। साथ ही कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। एसएसपी ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़, आगजनी, सड़क जाम, सरकारी-निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या किसी भी प्रकार की उपद्रवी गतिविधि से दूर रहें। पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। उपद्रव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन के अनुसार 25 जुलाई 2026 से अगले आदेश तक शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रोन सर्विलांस, सीसीटीवी निगरानी और लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। ‘कानून हाथ में लेने का किसी को अधिकारी नहीं’ इधर, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि प्रस्तावित बंद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। गुरुवार(22 जुलाई) को दरभंगा में हुए पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में अब तक 91 संदिग्धों की तस्वीरें जारी की जा चुकी है, जबकि 33 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है। कोचिंग संचालकों के साथ हुई बैठक विरोध-प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार देर शाम समाहरणालय में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता बैठक हुई। जिसमें निजी कोचिंग संस्थानों के संचालक, छात्रावास अधीक्षक और छात्र प्रतिनिधी शामिल हुए। बैठक में छात्रों की सुरक्षा, शैक्षणिक माहौल बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कोचिंग संचालकों से विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन या भ्रामक गतिविधियों से दूर रखने और उन्हें पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
Source link
दरभंगा में बंद को लेकर हाई अलर्ट:शहर में ड्रोन कैमरे और CCTV से निगरानी; चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती
