![]()
चंबा के खज्जियार में मंगलवार देर रात एक होटल की पार्किंग में खड़ी क्रेटा कार जलकर राख हो गई। आरोप है कि दहेज में मिली कार को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पति ने कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर कार में आग लगा दी। घटना के बाद पति मौके से फरार हो गया। आग लगने के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया। पार्किंग से आग की लपटें उठती देख होटल स्टाफ और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आग ने देखते ही देखते कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। अच्छी बात यह रही कि उस समय पार्किंग में कोई और गाड़ी नहीं थी, जिससे आग दूसरी गाड़ियों तक नहीं फैली और बड़ा नुकसान होने से बच गया। जानकारी के अनुसार, लुधियाना का नवविवाहित जोड़ा कुछ रिश्तेदारों के साथ खज्जियार के एक निजी होटल में रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि दहेज में मिली क्रेटा कार को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ था। झगड़ा बढ़ने के बाद कार में आग लगाने का आरोप है। आग लगाने की असली वजह और पूरी घटना पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने होटल में मौजूद पत्नी और अन्य रिश्तेदारों से पूछताछ की है। घटना के बाद से पति फरार है। पुलिस इस पूरे मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
Source link
दहेज विवाद में पति ने क्रेटा कार में लगाई आग:खज्जियार के होटल पार्किंग में जलकर राख हुई गाड़ी, पति फरार
