Headlines

नरवाना में बिजली कर्मचारियों का धरना- प्रदर्शन:तीन दिवसीय हड़ताल की चेतावनी, विद्युत निगम के निजीकरण करने का विरोध




हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को नरवाना डिवीजन में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आगामी 11, 12 और 13 अगस्त को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनिट प्रधान राजबीर ढिल्लो, विक्रम संधु और दीपक नैन ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन कर्मवीर कापड़ो और कपिल ने किया। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार और बिजली निगम प्रबंधन पर निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारी बोले- निजीकरण को बढ़ावा दे रही सरकार प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और बिजली निगम प्रबंधन बिजली क्षेत्र में निजीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं तथा कर्मचारियों एवं उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी करते हुए स्मार्ट मीटर योजना लागू कर रहे हैं। उन्होंने विभाग में भारी स्टाफ की कमी, रिक्त पदों पर भर्ती न होने और वर्षों पुरानी मांगों की अनदेखी पर भी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक तथा तेज किया जाएगा। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि 3, 4 और 5 अगस्त को प्रदेशभर में हुए डिवीजन स्तरीय प्रदर्शनों में कर्मचारियों और इंजीनियरों की बड़ी भागीदारी रही थी। हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान कर्मचारी नेताओं ने सभी कर्मचारियों से आगामी 11, 12 और 13 अगस्त को प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उसे सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने इस संघर्ष को सार्वजनिक बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा से भी जोड़ा। सभा में विभिन्न कर्मचारी, किसान और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर राज्य कमेटी सदस्य कृष्णा नैन, कृष्णा (जेई), सीटू जिला प्रधान सतबीर खरल, एक्सईएन जोगिंदर, एसडीओ दीपक, एसडीओ महेंद्र, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के मास्टर बलजीत सिंह, मास्टर सतबीर, मास्टर बलबीर, किसान सभा के बलजीत और चाँद बहादुर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और कर्मचारी नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। सभा के अंत में कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि यदि सरकार ने उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो आगामी 11 से 13 अगस्त की हड़ताल को एकजुटता और अनुशासन के साथ सफल बनाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *