![]()
मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर बड़वानी जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ विशेष जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। 15 जुलाई को शुरू हुए इस अभियान के तहत कलेक्टर जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल और जिला पंचायत सीईओ काजल जावला ने थाना कोतवाली बड़वानी से जागरूकता रैली और विशेष रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होने की अपील इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स, स्काउट-गाइड, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस बल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। इसमें नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन से नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होने की अपील की गई। अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर जयति सिंह ने कहा कि नशे की समस्या को केवल प्रशासनिक प्रयासों से नियंत्रित नहीं किया जा सकता। इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की कि वे अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नशे से दूर रहें और इस अभियान को जनआंदोलन बनाएं। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने नशे को समाज और परिवारों के विघटन का एक प्रमुख कारण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर निबंध, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और खेलकूद जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी। बड़वानी जिले में 30 जुलाई, 2026 तक जारी रहेगा कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली बलजीत बिसेन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। यह विशेष अभियान पूरे बड़वानी जिले में 30 जुलाई, 2026 तक जारी रहेगा।
Source link
'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान का शुरू:कलेक्टर-एसपी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रैली निकाली
