![]()
इंदौर के मल्हारगंज इलाके में नौकरी की तलाश कर रही एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। आरोपियों ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का कर्मचारी बताकर बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में युवती के खाते से 87 हजार रुपए से अधिक ट्रांसफर करा लिए। बाद में युवती ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात खाता धारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मल्हारगंज निवासी सानिया गुप्ता डाटा एनालिसिस की इंटर्नशिप कर रही है। उसने नौकरी के लिए भारतीय रोजगार संस्था डॉट कॉम पर सर्च करने के बाद बैंक की नौकरी के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरा था। 11 अगस्त की दोपहर उसे एक महिला का कॉल आया। महिला ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का कर्मचारी बताया और पोस्ट ऑफिस, रेलवे तथा बैंक में वैकेंसी होने की जानकारी दी। आरोपियों ने सानिया से ली जानकारी महिला ने सानिया से पूछा कि उसने किस विभाग के लिए आवेदन किया है। सानिया ने बैंक की नौकरी के लिए फॉर्म भरने की बात कही। इसके बाद महिला ने एक सीनियर कर्मचारी का कॉल आने की बात कही और उसे पूरी जानकारी देने के लिए कहा। 13 अगस्त को सानिया के पास दोबारा कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का सीनियर कर्मचारी बताया। बातचीत के बाद 17 अगस्त को फिर कॉल किया गया। आरोपी ने सानिया से कुछ जानकारी नोट की और कहा कि वह नौकरी दिलाने की प्रक्रिया आसान कर सकती है। आरोपियों ने वॉट्सएप पर QR कोड भेजे इसके बाद आरोपियों ने सानिया के वॉट्सएप नंबर पर कुछ QR कोड भेजे। अलग-अलग भुगतान के नाम पर उससे 1 हजार, 100 रुपए और 17 हजार रुपए मांगे गए। आरोपियों ने दो बार मनी ट्रांसफर करने के लिए भी कहा। लगातार रुपए की मांग होने पर सानिया को शक हुआ। उसने आरोपियों से अपने रुपए वापस मांगे, जिसके बाद उन्होंने बातचीत बंद कर दी। ट्रांजेक्शन के बाद मोबाइल बंद हुए सानिया ने दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सानिया के खाते से 87 हजार रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर कराई है। पुलिस अब उन बैंक खातों के धारकों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर हुई है।
Source link
नौकरी तलाश रही युवती से 87 हजार की ठगी:फर्जी कर्मचारी बनकर आरोपियों ने भेजे QR कोड, लगातार रुपए मांगने पर हुआ शक
