Headlines

पंचकूला लघु सचिवालय में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल:एयर रेड वार्निंग का सायरन बजा, 16 घायलों का रेस्क्यू; सिविल डिफेंस-आपदा मित्रों ने संभाला मोर्चा




युद्ध, हवाई हमले या किसी भी आपातकालीन आपदा की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय को परखने के लिए 4 अगस्त को पंचकूला लघु सचिवालय में सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज की गई। अभ्यास के दौरान एयर रेड वार्निंग से लेकर रेस्क्यू और मेडिकल रिस्पॉन्स तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। डीसी सतपाल शर्मा ने मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दमकल विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम पंचकूला, आपदा प्रबंधन विभाग, हरियाणा राज्य परिवहन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिविल डिफेंस और सभी विभागाध्यक्षों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सायरन बजाकर दी एयर रेड की चेतावनी मॉक एक्सरसाइज के दौरान सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम को हॉटलाइन के माध्यम से आपात स्थिति की सूचना मिली। इसके बाद आमजन को सायरन के जरिए एयर रेड की चेतावनी दी गई। ब्लैकआउट और सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमों ने पहुंचकर 16 घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड पोस्ट तक पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सेक्टर-6 भेजने की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया। आग लगने और ऊंचाई पर फंसे लोगों को निकालने का अभ्यास अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में बचाव कार्य और ऊंचाई पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई। स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों और एनसीसी के सहयोग से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मॉक एक्सरसाइज में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, आपदा मित्र और होमगार्ड के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। अभ्यास का उद्देश्य आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में प्रशासनिक तंत्र की तत्परता, बचाव क्षमता और एजेंसियों के बीच समन्वय को मजबूत करना रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *