Headlines

पन्ना में कांग्रेस की दंडवत यात्रा, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन:अयोध्या राम मंदिर चंदे में हेराफेरी का आरोप; उच्च स्तरीय जांच की मांग




अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए जुटे समर्पण कोष में कथित ‘चंदा चोरी’ और वित्तीय गड़बड़ी के खिलाफ मंगलवार को पन्ना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रमा बुंदेला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से श्री राम-जानकी मंदिर तक सड़क पर दंडवत यात्रा निकाली। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने देश के राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार अखिलेश प्रजापति को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। भजनों और जयकारों के साथ सड़क पर लेटे कांग्रेसी प्रदर्शन की शुरुआत गांधी चौक पर भगवान श्रीराम के भजनों और जयकारों के साथ हुई। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रमा बुंदेला और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीश खान ने पूरी श्रद्धा के साथ सड़क पर लेटकर दंडवत करते हुए राम-जानकी मंदिर तक की दूरी तय की। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि राम मंदिर से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, इसलिए चंदे में हुई किसी भी हेराफेरी से जनता के विश्वास को ठेस पहुंची है। मंदिर में पूजा के बाद सौंपा ज्ञापन, दो प्रमुख मांगें रखीं राम-जानकी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से दो मांगें की गई हैं: पहली, मंदिर के चंदे में हुई कथित हेराफेरी की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। दूसरी, जांच के सभी तथ्यों को देश की जनता के सामने सार्वजनिक किया जाए और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी है कि यदि इस कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पन्ना लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन करेगी। इस प्रदर्शन के दौरान पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी शिवजीत सिंह भैया राजा, राकेश गर्ग, मार्तंड देव बुंदेला और वासुदेव बुंदेला सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *