![]()
पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जानकीनगर स्थित पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम के आवास पर बुधवार सुबह पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई जमीन विवाद से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जैसे ही जांच के लिए अजहर इस्लाम के घर पहुंची, वहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि यह विवाद अजहर इस्लाम के पड़ोस की जमीन को लेकर था। इस जमीन पर अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा धारा 144 लगाई गई थी। मंगलवार को इस जमीन पर मजदूर लगाकर काम किया जा रहा था, जिसकी शिकायत जमीन मालिक ने थाने में की थी। शिकायत के बाद मंगलवार देर शाम पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पूर्व एनडीए प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करने और धक्का-मुक्की का आरोप लगा। मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने इसकी सूचना अपने वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद बुधवार सुबह जिले के तीन थानों की पुलिस अजहर इस्लाम के घर की जानकारी के लिए पहुंची। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जबकि उनका घर का मुख्य दरवाजा बंद रहा। पुलिस घंटों मौके पर जमी रही। इसी बीच, श्रम विभाग के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और अजहर इस्लाम के बगीचे में काम कर रहे दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। मौके से अजहर इस्लाम और उनके समर्थक गायब पाए गए।
Source link
पाकुड़ में पूर्व एनडीए प्रत्याशी के घर पर रेड:जमीन विवाद में पुलिस से दुर्व्यवहार मामले पर गिरफ्तारी के लिए तीन थानों की पुलिस पहुंची
