![]()
पुष्कर नगर परिषद चुनावों को लेकर तीर्थनगरी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पुष्कर मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक ब्रह्म चौक स्थित मंगल कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता पुष्कर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने की। इसमें नगर परिषद के सभी 25 वार्डों की चुनावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक वार्ड में प्रभारी नियुक्त होगा मंत्री रावत ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रत्येक वार्ड में एक-एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। ये प्रभारी वार्डों में जाकर संगठन की स्थिति, स्थानीय मुद्दों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संभावित दावेदारों का सर्वेक्षण करेंगे। इन प्रभारियों की रिपोर्ट के आधार पर ही प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। रावत ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत दावेदारी से ऊपर उठकर संगठन को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव चिन्ह ‘कमल’ ही पार्टी का वास्तविक प्रत्याशी है और सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर घर-घर संपर्क करना चाहिए। साथ ही, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पुष्कर में स्वीकृत व प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा गया। सीवरेज-गंदे पानी की समस्या के लिए 80 करोड़ स्वीकृत मंत्री रावत ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में पुष्कर के लिए कई विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अजमेर विकास प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी के माध्यम से लगभग 15 करोड़ रुपए से अधिक के सड़क कार्य कराए जा रहे हैं। सरकारी विद्यालयों में नए कमरों और अन्य सुविधाओं के विकास के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। सीवरेज और गंदे पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रावत ने लगभग 80 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसकी विस्तृत डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। रावत ने पुष्कर को सुंदर, स्वच्छ और विश्वस्तरीय सुविधाओं वाला तीर्थ विकसित करने का संकल्प दोहराया। विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे स्थानीय मुद्दों पर रावत ने कहा कि चुनाव में आलोचना स्वाभाविक है, लेकिन बहस केवल काम के आधार पर होनी चाहिए। बैठक में मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक, अखिलेश पाराशर, अशोक पाराशर, अरुण वैष्णव, पूर्व सभापति कमल पाठक सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link
पुष्कर नगर परिषद चुनाव, भाजपा ने तैयारियां तेज कीं:25 वार्डों में प्रभारी भेजे जाएंगे, सर्वे रिपोर्ट से तय होंगे प्रत्याशी
