![]()
प्रतापगढ़ में रविवार शाम करीब 6:30 बजे लोहे के गेट के नीचे दबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान अधिक शर्मा के रूप में हुई है। वह भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के आवास पर किराए पर रह रहे परिवार का बेटा था। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के सेनानी नगर स्थित मीरा भवन का है। गेट पर झूलते समय हुआ हादसा अधिक के पिता रजनीश शर्मा एरिया सेल्स मैनेजर हैं। उनका परिवार मूल रूप से लखनऊ के कृष्णानगर का रहने वाला है और करीब तीन साल से सेनानी नगर में किराए पर रह रहा था। अधिक कक्षा तीन का छात्र था। रविवार को छुट्टी होने के कारण अधिक घर पर था। शाम करीब 6:30 बजे वह लोहे के गेट पर झूल रहा था। इसी दौरान अचानक गेट गिर गया और अधिक उसके नीचे दब गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया परिजन आनन-फानन में अधिक को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि अधिक के पिता रजनीश शर्मा रविवार को ही महाकाल दर्शन कर वापस लौटे थे। हादसे के बाद परिजन शव लेकर लखनऊ रवाना हो गए। सीओ सिटी अशुतोष मिश्रा ने बताया कि घटना की शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
प्रतापगढ़ में गेट के नीचे दबने से मासूम मौत:गेट पर झूलते समय हुआ हादसा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर किराए पर रहता था परिवार
