![]()
फरीदाबाद के तिगांव में हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित होने वाले पारंपरिक दंगल की जगह को लेकर पिछले काफी समय से चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। रविवार को अनाज मंडी में आयोजित 84 पाल की पंचायत में 21 सदस्यीय कमेटी गठित की गई। कमेटी ने दोनों पक्षों से विचार-विमर्श करने के बाद दंगल का आयोजन गांव के हाई स्कूल में कराने का फैसला लिया। दोनों पंचायतों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी तिगांव में नागर पट्टी और अधाना पट्टी नाम से दो पंचायतें हैं। नागर पट्टी की ओर से विक्रम प्रताप और अधाना पट्टी की ओर से वेदपाल सरपंच हैं। हरियाली तीज पर आयोजित होने वाले दंगल की जगह को लेकर दोनों पंचायतों के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। नागर पट्टी के सरपंच विक्रम प्रताप का कहना था कि दंगल हाई स्कूल में आयोजित किया जाए, जबकि दूसरी पंचायत की ओर से स्टेडियम में आयोजन कराने की मांग की जा रही थी। अनाज मंडी में जुटे 84 पाल के लोग विवाद का समाधान निकालने के लिए अनाज मंडी में 84 पाल की पंचायत बुलाई गई। इसमें पाल के लोगों ने हिस्सा लिया। पंचायत के दौरान 21 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जिसे दोनों पक्षों की बात सुनकर सर्वसम्मति से निर्णय लेने की जिम्मेदारी दी गई। कमेटी ने काफी देर तक दोनों पक्षों से बातचीत और विचार-विमर्श करने के बाद दंगल का आयोजन हाई स्कूल में कराने का फैसला किया। इसके साथ ही दंगल को लेकर दोनों पंचायतों के बीच चल रहे विवाद पर विराम लग गया। कमेटी के फैसले से बनी सहमति पंचायत की अध्यक्षता करने वाले रणबीर चंदीला ने बताया कि 84 पाल के लोगों से विचार-विमर्श करने के बाद 21 सदस्यीय कमेटी ने यह निर्णय लिया है। पंचायत में नागर पट्टी को अपना दंगल हाई स्कूल में आयोजित करने की सहमति दी गई है। उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य विवाद को समाप्त कर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दंगल का आयोजन कराना है।
Source link
फरीदाबाद तिगांव दंगल विवाद खत्म हाई स्कूल में होगा आयोजन:84 पाल की पंचायत, 21 सदस्यीय कमेटी ने दोनों पक्षों से बात कर किया फैसला
