![]()
फरीदाबाद जिले के मुजेसर थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में सोमवार सुबह एक सेंट्रो कार से करीब 250 किलो संदिग्ध मांस बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में शाकीर और आशिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बरामद मांस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के जिला संयोजक पुनीत वशिष्ठ ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सावन के महीने में धौज गांव के फतेहपुर तगा क्षेत्र से एक सेंट्रो कार में बड़ी मात्रा में मांस भरकर ओल्ड फरीदाबाद की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रतापगढ़ नहर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध सेंट्रो कार को रुकवा लिया। कार से करीब 250 किलो मांस बरामद कार की तलाशी लेने पर उसमें करीब 250 किलो मांस मिला। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार और बरामद मांस को अपने कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुनीत वशिष्ठ का कहना है कि उन्हें आशंका है कि बरामद मांस गोवंश का हो सकता है और इसे चोरी-छिपे ले जाया जा रहा था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि सावन का महीना चल रहा है ऐसे में सावन के महीने में मीट की दुकानों को बंद करवाया जा रहा है और मांस को इधर-उधर ले जाने के लिए भी रोका जा रहा है, लेकिन फिर भी कुछ लोग मानने को तैयार नहीं है और अपनी मनमानी करते हुए इस तरीके हरकत कर रहे हैं जो बिल्कुल बर्दाश्त के बाहर हैं। जांच के लिए भेजे मांस के सैंपल संजय कॉलोनी चौकी प्रभारी कैलाश चंद्र ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। बरामद मांस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस मामले में पशुधन क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि मांस कहां से लाया गया था और ओल्ड फरीदाबाद में किस स्थान पर इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
Source link
फरीदाबाद में 250 किलो संदिग्ध मांस बरामद:2 लोग हिरासत में, जांच के लिए भेजे गए नमूने, लैब रिपोर्ट का इंतजार
