Headlines

जांजगीर-चांपा में 1 करोड़ लोन का झांसा देकर ठगी:यूको बैंक के फर्जी दस्तावेज बनाकर 10.87 लाख ठगे, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार




जांजगीर-चांपा पुलिस ने एक करोड़ रुपए का बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर 10 लाख 87 हजार रुपए से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी यूको बैंक लोन स्वीकृति पत्र और नकली दस्तावेजों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह मामला चांपा के शिवनगर निवासी आशुतोष अग्रवाल की शिकायत से संबंधित है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में एक अखबार के विज्ञापन के माध्यम से उसकी पहचान कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने खुद को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताकर यूको बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने आशुतोष अग्रवाल से पहले पांच लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट और अन्य खर्चों के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की। उसने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, नकली मोहर और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपी को एक लाख रुपये नकद, 25 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से, सात लाख रुपये आरटीजीएस द्वारा और अन्य किश्तों में कुल 10 लाख 87 हजार 285 रुपये का भुगतान कर दिया। जब पीड़ित को लोन नहीं मिला और उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद चांपा पुलिस ने साइबर तकनीकी की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। मध्यप्रदेश के इंदौर में दबिश देकर कुलदीप वशिष्ठ को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाई और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *