![]()
गोंडा के मैजापुर गांव के भार्गव पुरवा में बुधवार दोपहर करीब 1 बजे बिजली लाइन जोड़ते समय करंट लगने से युवक खंभे से नीचे गिर गया। हादसे में हरसिंहपुर निवासी सोहन लाल उर्फ सुंदरलाल (युवक) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे बालपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे की वजह बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। खंभे पर चढ़कर जोड़ रहे थे बिजली लाइन परिजनों के मुताबिक, सुंदरलाल बिजली विभाग में निजी तौर पर काम करते थे। बुधवार को वह मैजापुर के भार्गव पुरवा में बिजली लाइन जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई। करंट की चपेट में आने से वह खंभे से नीचे गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत हादसे के बाद परिजन उन्हें तुरंत बालपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल सुंदरलाल की मौत के बाद पत्नी शीला, बेटे सत्यम और शिवा समेत भाई शिव भगवान का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। परिजनों ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप परिजनों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लाइन में सप्लाई चालू हुई और सुंदरलाल करंट की चपेट में आ गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव सीओ करनैलगंज आनंद कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है। जेई ने अलग-अलग उपकेंद्र से बताई आपूर्ति कटरा बाजार के अवर अभियंता राकेश पाल ने बताया कि कटरा बाजार से इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नहीं होती है। यहां बालपुर उपकेंद्र से आपूर्ति दी जाती है। वहीं बालपुर के जेई संतोष ने बताया कि घटना उनके क्षेत्र में नहीं आती है। फिलहाल परिजनों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है।
Source link
बिजली लाइन जोड़ते समय युवक को लगा करंट:खंभे से गिरकर मौत, विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप
