Headlines

फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, एक मजदूर की मौत:सरायकेला के आदित्यपुर में हुआ हादसा, तीन की हालत गंभीर; घायलों में एक महिला भी शामिल




सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि छह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में एक महिला मजदूर भी शामिल है। मृतक की पहचान मुरली पात्रो (30) पिता स्व. तारिणी पात्रो, निवासी- ग्राम बासुरदा थाना गम्हरिया के रूप में की गई है। वो कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। विस्फोट में वह गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसके बाद उसे अन्य घायलों के साथ टीएमएच भेजा गया था। यह हादसा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2बी, प्लॉट संख्या 33 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चला घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है कि यह हादसा गैस रिसाव, सिलेंडर विस्फोट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण हुआ। पुलिस ने फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और घायलों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सुरक्षा मानकों के पालन और हादसे के समय सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता की भी जांच की जा रही है। फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *