![]()
बलरामपुर मुख्यालय में शनिवार सुबह करीब 10:35 बजे मानसून सक्रिय हो गया। कई दिनों की उमस के बाद हुई बारिश से लोगों को राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। जिले के पचपेड़वा, गैसड़ी और उतरौला सहित कई क्षेत्रों में सुबह पांच बजे से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, शनिवार सुबह आठ बजे तक जिले में वर्षा दर्ज नहीं हुई थी, जबकि राप्ती नदी का जलस्तर 101.590 मीटर रिकॉर्ड किया गया। इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है। श्रीदत्तगंज क्षेत्र के महदेईया बाजार और आसपास के गांवों के खेतों में धान की रोपाई का काम तेजी से शुरू हो गया है।किसान राजू, रियाज, राम प्रकाश, दिलीप वर्मा, इलियास और मुन्ना ने बताया कि यह समय पर हुई बारिश धान सहित खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी और उत्पादन बढ़ाने में सहायक होगी।
हालांकि, जिले के सादुल्लाहनगर क्षेत्र में अभी भी सिंचाई संकट बना हुआ है। माइनर नहरों में पानी नहीं पहुंचने के कारण खेतों की नमी कम हो रही है, जिससे धान सहित अन्य फसलें सूखने की कगार पर हैं।क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नहरों में पानी छोड़ने की मांग की है, ताकि सिंचाई की समस्या का समाधान हो सके। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अब उत्तर प्रदेश में पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को बलरामपुर और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।अगले एक-दो दिनों तक भी बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इससे किसानों को और राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और बिजली गिरने जैसी संभावित स्थितियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Source link
बलरामपुर में बारिश से किसानों को राहत:धान की रोपाई ने पकड़ी रफ्तार, आज भी मध्यम बारिश के आसार
