Headlines

बस्तर में स्वदेशी मेले की तैयारियां शुरू:18 से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान में लगेगा मेला, स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को मिलेगा मंच




बस्तर में स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले स्वदेशी मेला जगदलपुर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस साल मेला 18 से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान में आयोजित किया जाएगा। पिछले साल लालबाग मैदान में आयोजित मेले को मिली व्यापक सफलता के बाद इस बार भी आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। आयोजकों के अनुसार, मेले में बड़ी संख्या में स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, महिला उद्यमियों, लघु उद्योगों और बस्तर के पारंपरिक कला-हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। मेले का उद्देश्य नागरिकों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार को बढ़ावा देना भी है। पिछले साल अमित शाह भी पहुंचे थे पिछले साल आयोजित स्वदेशी मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया था। मेले में स्वदेशी उत्पादों की खरीदी-बिक्री को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया था। पिछले साल आयोजित मेले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पहुंचे थे। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी आयोजन को व्यापक स्तर पर करने की तैयारी की जा रही है। चेंबर भवन में हुई बैठक, तैयारियों को लेकर चर्चा मेले के आयोजन और तैयारियों को लेकर बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मेले की रूपरेखा, स्टॉल, व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक स्थानीय उद्यमियों को जोड़ने को लेकर सुझाव लिए गए। बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संपर्क प्रमुख एवं प्रांत मेला प्रमुख सुब्रत चाकी ने मेले की प्रस्तावना रखते हुए आयोजन की रूपरेखा और आगामी तैयारियों की जानकारी दी। वहीं बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने सुझाव दिया कि राज्य सरकार से चर्चा कर मेले में बिक्री के लिए आने वाली स्वदेशी वस्तुओं और सामग्रियों को जीएसटी में छूट अथवा अन्य संभावित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए। ‘स्वदेशी आर्थिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत का आधार’ बैठक में जगदलपुर महापौर एवं स्वागत समिति के सचिव संजय पांडेय ने कहा कि स्वदेशी की भावना प्रत्येक भारतवासी के मन में होनी चाहिए। स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, राष्ट्रनिर्माण और आर्थिक सशक्तिकरण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों, महिला उद्यमियों और देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दी जाती है, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *