![]()
गोकशी के लिए नोएडा से नूंह लाई जा रही तीन गायों की रास्ते में ही मौत हो गई। सदर नूंह थाना क्षेत्र की जयसिंहपुर पुलिस चौकी ने नाकाबंदी कर एक संदिग्ध पिकअप को पकड़ा, जिसमें तीनों गाय मृत मिली। उनके गर्दन, मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। पुलिस ने पिकअप ड्राइवर राम सिंह नागर निवासी छतरपुर, मध्य प्रदेश और उसके साथी नफीस निवासी उमरा, नूंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वकार और रिजवान निवासी रिठट, जो मोटरसाइकिल से पिकअप की कथित तौर पर रैकी कर रहे थे, पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने बझेड़ा नहर पुलिया पर नाकाबंदी की जयसिंहपुर पुलिस चौकी प्रभारी सूबे सिंह के अनुसार, शुक्रवार को पुलिस टीम देवला नंगली के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि राम सिंह नागर और नफीस पिकअप में गाय भरकर रिठट की तरफ ले जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि वकार और रिजवान मोटरसाइकिल से पिकअप की रैकी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बझेड़ा नहर पुलिया पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बीबीपुर की तरफ से संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही ड्राइवर ने पिकअप को कच्चे रास्ते पर भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पिकअप को रोक लिया। आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि तीनों गायों को नोएडा से नूंह के रिठट गांव में गोकशी के लिए लाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गाय नोएडा से किसने उपलब्ध कराईं, उन्हें नूंह तक पहुंचाने की योजना किसने बनाई और रिठट में इस खेप को किसके हवाले किया जाना था। जांच अधिकारी सुखबीर ने बताया कि पिकअप और तीनों मृत गायों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।
Source link
गोकशी के लिए लाई जा रही 3 गायों की मौत:नोएडा से नूंह लाई जा रही, पुलिस ने पिकअप ड्राइवर और साथी को पकड़ा
