![]()
सीधी जिले में लगातार बारिश के बीच शनिवार शाम करीब 5 बजे बाणसागर बांध के 18 में से 12 गेट खोल दिए गए। इसके बाद सोन नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए चुरहट प्रशासन ने नदी किनारे बसे 31 गांवों के लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। SDM अजय शर्मा ने लोगों से नदी और निचले इलाकों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बढ़ सकता है सोन का जलस्तर
बाणसागर बांध के 12 गेट खोले जाने के बाद सोन नदी में पानी बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों से किसी भी स्थिति में नदी के नजदीक नहीं जाने की अपील की है। चुरहट SDM अजय शर्मा के मुताबिक ग्राम शिकारगंज, लेहेचुआ, खैरा सहित कुल 31 गांवों के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा है। जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी या किसी अन्य अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की गई है। तीन दिन से बारिश, जलस्रोतों का स्तर बढ़ा
स्थानीय निवासी शैलेन्द्र सिंह के मुताबिक क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। इससे सोन नदी सहित आसपास के जलस्रोतों का जलस्तर बढ़ रहा है। उनका कहना है कि बांध के गेट खुलने के बाद निचले क्षेत्रों में पानी बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने और लोगों से नदी या जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।
Source link
बाणसागर के 12 गेट खुले, 31 गांवों के लिए अलर्ट:सीधी में सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, लोगों से दूर रहने की अपील
