![]()
बिलासपुर शहर के पॉश इलाके नेहरू नगर में एक कारोबारी के सूने मकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। परिवार के ऋषिकेश यात्रा पर होने का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और नगदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार कारोबारी रजनीश सेठ 18 जुलाई से परिवार के साथ ऋषिकेश गए हुए हैं। मकान की सुरक्षा के लिए हर रात गार्ड तैनात था। गुरुवार (23 जुलाई) रात गार्ड ने घर के पीछे लगा विंडो एसी निकला हुआ देखा और इसकी सूचना मकान मालिक को दी। इसके बाद घर की जांच में चोरी का खुलासा हुआ। लाखों की नगदी और जेवर गायब सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि वीडियो कॉल के जरिए मकान मालिक ने जानकारी दी है कि अलमारी में करीब 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नगद, 15 से 20 तोला सोने के आभूषण, चांदी के जेवर और कुछ कीमती स्टोन रखे थे। चोरी गई संपत्ति का सही आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा। हर कमरे की तलाशी, गार्ड को नहीं लगी भनक मौके पर हर कमरे का सामान बिखरा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर काफी देर तक घर के अंदर रहे। इसके बावजूद न तो सुरक्षा गार्ड और न ही आसपास के लोगों को इसकी भनक लगी। फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर जांच कराई है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले घर और परिवार की गतिविधियों की रेकी की थी। सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले पॉश इलाके में हुई इस बड़ी चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन गश्त पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।
Source link
बिलासपुर के नेहरू नगर में लाखों की चोरी:कारोबारी के घर AC विंडो हटाकर घुसे चोर,20 तोला सोना और नगदी पार,गार्ड भी था मौजूद
