![]()
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में कानपुर जनपद के बिल्हौर में अनामिका पैलेस में ‘युवा व्यवसायी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे आयोजित इस संगोष्ठी में बिल्हौर नगर एवं जिले के युवा उद्यमियों व व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्पार्चन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आरएसएस के प्रांत कुटुंब प्रबोधन प्रमुख डॉ. अमरनाथ ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग किसी भी राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार होता है। आज भारत जिस आर्थिक और सामाजिक रूपांतरण के दौर से गुजर रहा है, उसमें युवा उद्यमियों और व्यापारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि “युवा शक्ति से समृद्ध भारत” और “आत्मनिर्भर युवा, सशक्त भारत” की संकल्पना को साकार करने के लिए व्यवसाय के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के कार्यों में भी समय देना अनिवार्य है। डॉ. अमरनाथ ने कुटुंब प्रबोधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सुदृढ़ परिवार ही सशक्त समाज और राष्ट्र का आधार होता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवाओं को अपनी संस्कृति, पारिवारिक संवाद और नैतिक मूल्यों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने व्यवसाय में शुचिता, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के अवसर तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। संघ के शताब्दी वर्ष के संदर्भ में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन, संस्कार और समर्पण के बल पर ही सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। संवाद सत्र के दौरान उपस्थित युवा व्यवसायियों ने व्यापारिक चुनौतियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में संघ के कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने सभी का आभार व्यक्त किया। समापन राष्ट्रगान और कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
Source link
बिल्हौर में युवा व्यवसायी संवाद:डॉ. अमरनाथ बोले- किसी भी राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है युवा
