Headlines

भालू ने बकरी चराने गए युवक पर हमला किया:बलरामपुर में सिर, हाथ-पैर और पीठ में गंभीर चोट अंबिकापुर रेफर, 1.5 घंटे एंबुलेंस का इंतजार




बलरामपुर जिले के राजपुर वन क्षेत्र में बकरी चराने गए एक युवक पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में सेवारी गांव निवासी आनंद मिंज (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, हाथ, पैर और पीठ में चोटें आई हैं। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया। जंगल में अचानक भालू से हुआ सामना घटना गुरुवार 10 सितंबर को दोपहर करीब 1:50 बजे की है। आनंद मिंज अपनी बकरियां चराने राजपुर रेंज के सेवारी बीट के जंगल में गए थे। इसी दौरान कक्ष क्रमांक पी-2812 के पास अचानक उनका सामना जंगली भालू से हो गया। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वह घायल होकर गिर पड़े। बाद में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें राजपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत में अंबिकापुर रेफर राजपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आनंद मिंज की स्थिति को देखते हुए उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया। हालांकि, रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब डेढ़ घंटे का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान घायल युवक और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें अंबिकापुर ले जाया गया। वन विभाग ने दी तत्काल सहायता घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी सक्रिय हुई। राजपुर वन रेंजर अजय वर्मा ने बताया कि घायल युवक के परिवार को तत्काल 1 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। यह राशि परिक्षेत्र सहायक और राजपुर सर्किल प्रभारी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। रेंजर ने बताया कि वन विभाग को घायल आनंद मिंज को अंबिकापुर रेफर किए जाने की जानकारी भी मिली है। वन विभाग की टीम इलाके में स्थिति पर नजर रख रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *