Headlines

सिरसा में नशा तस्कर की 1.29 करोड़ की संपत्ति फ्रीज:6 बैंक खाते और 4 वाहन भी सीज; हरियाणा-पंजाब-राजस्थान में 13 केस




सिरसा के डबवाली में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए आरोपी कुलवंत सिंह की करीब 1.29 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले के किलियांवाली गांव निवासी कुलवंत सिंह के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 13 मामले दर्ज हैं, जिनमें 9 मामले नशा तस्करी से जुड़े हैं। डबवाली पुलिस जिले के गठन के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्ति पर यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान सिर्फ गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहेगा। नशे की कमाई से बनाई गई संपत्तियों को भी कानून के तहत निशाना बनाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा है। इन संपत्ति को किया फ्रीज पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार के अनुसार, फ्रीज की गई संपत्ति में गांव शेरगढ़ की 4 कनाल 9 मरला कृषि भूमि, जिसकी कीमत 9 लाख रुपए से अधिक है, और 12 कनाल 11 मरला जमीन, जिसकी कीमत करीब 25.30 लाख रुपए है, शामिल है। इसके अलावा किलियांवाली में करीब 23.60 लाख रुपए कीमत का आवासीय मकान, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर दुकान भी है, और मंडी डबवाली के गुरु जंभेश्वर नगर स्थित करीब 9.29 लाख रुपए का मकान भी फ्रीज किया गया है। कार्रवाई के तहत आरोपी के 6 बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं, जिनमें करीब 10.60 लाख रुपए जमा थे। इसके साथ ही 4 वाहन भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं। इनमें 15 लाख रुपए से अधिक कीमत की हुंडई क्रेटा, 6.12 लाख रुपए की टोयोटा फॉर्च्यूनर, 5.95 लाख रुपए की महिंद्रा बोलेरो और 22.65 लाख रुपए कीमत का अशोक लेलैंड मालवाहक ट्रक शामिल है। 10 अगस्त को फ्रीजिंग ऑर्डर जारी हुए कुलवंत सिंह के खिलाफ थाना शहर डबवाली में 9 फरवरी 2023 को 97 किलो पोस्त चूरा डोडा बरामद होने पर NDPS एक्ट की धारा 15C/61 के तहत केस दर्ज हुआ था। उसे 16 मई 2023 को गिरफ्तार किया गया था। वित्तीय जांच के आधार पर NDPS एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत 10 अगस्त 2026 को फ्रीजिंग ऑर्डर जारी किया गया। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी से 7 सितंबर को मंजूरी मिलने पर संपत्तियों को नियमानुसार फ्रीज किया गया। आरोपी पर कुल 13 मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर कुल 13 मामले दर्ज हैं, जिनमें 9 नशा तस्करी से संबंधित हैं। इनमें 6 कमर्शियल और 3 इंटरमीडिएट मात्रा के मामले हैं। साल 2010 के एक मामले में 160 किलो पोस्त चूरा डोडा बरामद हुआ था और आरोपी को 10 साल कठोर कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सैकड़ों किलो पोस्त की बरामदगी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। एसपी जसलीन कौर ने कहा कि नशे के कारोबार को आर्थिक रूप से कमजोर करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और तस्करों को संरक्षण या वित्तीय मदद देने वालों की भूमिका की भी जांच होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *