![]()
बेतिया में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। शनिवार को विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने शहर में मार्च निकाला। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बहाल करने की आवाज उठाई। प्रदर्शन की शुरुआत एमजेके कॉलेज परिसर से हुई। छात्र हाथों में बैनर, तख्तियां और पोस्टर लेकर समाहरणालय गेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उन्होंने नीट पेपर लीक के विरोध में नारे लगाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मार्च का नेतृत्व ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ताओं ने किया। छात्रों ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक होना लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। आइसा के प्रदर्शन के बाद महारानी जानकी कुंवर महाविद्यालय (एमजेके कॉलेज) के छात्र-छात्राओं ने भी अलग से मार्च निकाला। निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पूरे शहर में पुलिस प्रशासन अलर्ट पर रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित नहीं है, बल्कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बचाने के लिए है। छात्रों ने सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने, पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
Source link
बेतिया में NEET पेपर लीक पर चले ईट-पत्थर:सड़कों पर सेंट्रल गवर्नमेंट और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी
