![]()
बोकारो में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। सेक्टर-4 मजदूर मैदान में गणेश पूजा का मेला देखकर लौट रहे लोगों से भरे ऑटो को कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक पिछरी निवासी सुनील वर्मा (60) की मौके पर ही मौत हो गई। ऑटो में सवार सात लोग घायल हुए हैं। इनमें एक 74 वर्षीय महिला और उनकी भतीजी की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। टेंपो लोन पर लेकर चलाते थे सुनील वर्मा मृतक सुनील वर्मा के बेटे मनोज कुमार ने बताया कि उनके पिता टेंपो लोन पर लेकर चलाते थे। इसी ऑटो से वह अपने परिवार का गुजारा करते थे। ऑटो खरीदने के बाद परिवार की आर्थिक हालत कुछ सुधरी थी। सुनील वर्मा के दो बेटे और एक बेटी का अभी विवाह नहीं हुआ है। परिजनों के मुताबिक, गणेश मेला देखने के बाद सुनील वर्मा ऑटो में सवार लोगों को लेकर पिछरी लौट रहे थे। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के उखरीद मोड़ के पास एक कार ने ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर अनियंत्रित होकर ऑटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक सुनील वर्मा की मौके पर ही जान चली गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार के नंबर प्लेट पर पुलिस का स्टीकर लगा था। घायल ऑटो सवार हेमंत मिश्रा के परिजनों ने बताया कि उनके परिवार के सात लोग ऑटो में सवार थे। हादसे में उनकी मां और भतीजी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। डॉक्टरों ने उनके इलाज में करीब आठ लाख रुपये खर्च होने की बात कही है।
Source link
बोकारो में ऑटो को कार ने मारी टक्कर:गणेश मेला से लौटते वक्त उखरीद मोड़ के पास हुआ हादसा, चालक की मौत; 7 लोग घायल
