Headlines

युवक ने ज्वालामुखी मंदिर में खुद को आग लगाई, VIDEO:पारिवारिक कलह के चलते 2 साल पहले छोड़ा था झालावाड़, पत्नी परिषद में सफाईकर्मी




झालावाड़ के एक युवक ने हिमाचल के कांगड़ा स्थित शक्तिपीठ मां ज्वालामुखी मंदिर परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। करीब 70 फीसदी झुलसे युवक ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। युवक करीब दो साल पहले परिवार में मनमुटाव के चलते झालावाड़ से लापता था। परिवार ने उसे कई जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी कई बार बंद आता था या व्यस्त रहता था। एसपी देहरा (हिमाचल) संदीप धवल ने बताया- गुरुवार शाम करीब सात बजे राजस्थान के झालावाड़ बस स्टैंड निवासी रामदास पुत्र गजानंद ने मंदिर के गर्भगृह के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मंदिर में मौजूद कर्मचारियों ने युवक पर पानी डालकर आग बुझाई। मगर तब तक वह 70 फीसदी झुलस चुका था। इसके बाद युवक को एंबुलेंस से ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से युवक को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एंबुलेंस में बताया- अकेला दर्शन करने आया था 108 एंबुलेंस के पायलट संजय और ईएमटी विवेक शर्मा ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। एंबुलेंस कर्मचारियों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय युवक होश में था और अपना नाम रामदास बता रहा था। उसने बताया कि वह अकेला ही मंदिर में दर्शन करने आया था। कर्मचारियों के मुताबिक घर का पूरा पता बताते समय युवक की जुबान लड़खड़ा रही थी। इसके बावजूद वह अपनी पहचान और पता बताने का प्रयास कर रहा था। अस्पताल पहुंचने तक वह बातचीत की स्थिति में था। पेट्रोल का इस्तेमाल, जांच जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने इतना गंभीर कदम क्यों उठाया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है। मामले की जांच जारी: संदीप धवल एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार में मनमुटाव के चलते दो साल पहले घर से लापता था युवक के चाचा प्रहलाद ने बताया- परिवार में मनमुटाव के चलते रामदास करीब दो साल से झालावाड़ से लापता था। परिवार ने उसे कई जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसका मोबाइल भी कई बार बंद आता था या व्यस्त रहता था। रामदास 2024 में ही घर छोड़कर चला गया था। उसकी शादी रायपुर निवासी सलोनी से हुई थी। सलोनी झालावाड़ नगर परिषद में सफाईकर्मी के तौर पर काम करती है। उनका एक 12 साल का बेटा रुद्र भी है। उनकी एक बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों को पुलिस कोतवाली से रात में घटना की जानकारी मिली। अब वे आगे की कार्रवाई के लिए हिमाचल प्रदेश रवाना हो गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *