![]()
नगर परिषद चुनाव में भाजपा ने 26 बिंदुओं वाला संकल्प पत्र जारी किया है। इस चुनाव में उसका मुख्य मुद्दा शहर का विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। संकल्प पत्र में रेलवे अंडरपास, गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट, चंदेरिया में ओवरब्रिज, ट्रैफिक सुधार, मल्टीलेवल पार्किंग, सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और हर वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास काम कराने जैसे कई वादे किए गए हैं। संकल्प पत्र जारी करते हुए सांसद सीपी जोशी ने नगर परिषद चुनाव को “ट्रिपल इंजन सरकार” से जोड़ते हुए कहा- केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार होने के बाद अगर शहर में भी भाजपा का बोर्ड बनता है तो विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जा सकेगा। चुनाव में ‘ट्रिपल इंजन’ को बनाया बड़ा मुद्दा संकल्प पत्र जारी करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा- भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। पार्टी ने जो वादे किए, उनसे ज्यादा काम करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अब जरूरत इस बात की है कि केंद्र और राज्य सरकार के साथ नगर परिषद में भी भाजपा की सरकार बने, ताकि विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो सके। उनके अनुसार शहर की सफाई, सड़क, आवास, पार्किंग और दूसरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए स्थानीय निकाय की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने दावा किया कि चित्तौड़गढ़ ही नहीं बल्कि पूरे मेवाड़ में भाजपा को मजबूत जनसमर्थन मिलेगा और नगर परिषद में भी पार्टी का बोर्ड प्रचंड बहुमत से बनेगा। जोशी ने कहा कि पिछले सालों में रेलवे, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क और अन्य विकास कामों में जो शुरुआत हुई है, उसे आगे बढ़ाने का संकल्प भाजपा ने लिया है। शहर के विकास का रोडमैप, बड़े प्रोजेक्ट शामिल भाजपा के संकल्प पत्र में शहर के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं। इनमें शहर के बीच से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर नया अंडरपास बनाना सबसे प्रमुख वादा है। इसके अलावा गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने और गंभीरी माता की प्रतिमा स्थापित करने की बात कही गई है। शहर के अलग-अलग प्रवेश मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने, अधूरी कॉलोनियों में सड़क, नाली, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है। सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेक्टर ऑफिस प्रणाली को प्रभावी बनाने, हर वार्ड में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर करने और सड़क, नाली और रोड लाइट से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने की योजना भी संकल्प पत्र में शामिल है। ट्रैफिक, पार्किंग और शहर की सुविधाओं पर खास जोर संकल्प पत्र में शहर के सबसे व्यस्त गोल प्याऊ चौराहे सहित प्रमुख इलाकों की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और जरूरत वाले स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग विकसित करने का वादा किया गया है। व्यापारिक क्षेत्रों में पार्किंग, पेयजल, सफाई और यातायात की बेहतर व्यवस्था करने की भी घोषणा की गई है। इसके साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत, प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त रोशनी, पार्कों का सौंदर्यीकरण, वरिष्ठ नागरिकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था और बड़े स्तर पर पौधारोपण कर ‘हरित चित्तौड़गढ़’ अभियान चलाने की बात कही गई है। आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए डिजिटल व्यवस्था मजबूत करने, नया ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने और शहर में अलग-अलग स्थानों पर ऑटो स्टैंड बनाने का भी वादा किया गया है। चंदेरिया क्षेत्र के लिए अलग घोषणाएं भाजपा ने चंदेरिया क्षेत्र के विकास के लिए भी अलग से कई घोषणाएं की हैं। संकल्प पत्र में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज, खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए स्टेडियम, कपासन चौराहे से जिंक पुलिया तक डिवाइडर युक्त सड़क और सौंदर्यीकरण, रेलवे स्टेशन से पुठोली तक सड़क निर्माण, भेरड़ा माइंस से संगम महादेव तक नदी पर पुलिया, आधुनिक सामुदायिक भवन और राष्ट्रीय राजमार्ग से चंदेरिया में प्रवेश मार्ग पर स्वागत द्वार बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा पूरे नगर परिषद क्षेत्र में मार्गदर्शक संकेतक बोर्ड लगाने, वार्डों में बने डंपिंग यार्ड हटाने और सार्वजनिक शौचालयों का नवीनीकरण व नए शौचालय बनाने की भी घोषणा की गई है। हर वार्ड की जरूरत के हिसाब से विकास का दावा भाजपा ने संकल्प पत्र में कहा है कि नगर परिषद बनने के बाद प्रत्येक वार्ड में स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकता तय की जाएगी। सड़क, नाली, सफाई, बिजली, पार्किंग और दूसरी नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पार्टी का कहना है कि नगर परिषद सिर्फ कार्यालय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वार्डवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। भाजपा ने दावा किया कि उसका उद्देश्य चित्तौड़गढ़ नगर परिषद को जनसुविधा, सुशासन और योजनाबद्ध विकास का मॉडल नगर निकाय बनाना है। इसी लक्ष्य को लेकर पार्टी ने इस बार का संकल्प पत्र जनता के सामने रखा है।
Source link
भाजपा ने 26 वादों वाला संकल्प पत्र किया जारी:सीपी जोशी बोले- ट्रिपल इंजन सरकार से बढ़ेगा शहर का विकास
