Headlines

भिलाई से बाइक चुराकर रायगढ़ में छिपा था आरोपी:पुलिस ने दबोचा; रायपुर और बिलासपुर से भी 2 बाइक चोरी करना कबूला; तीनों वाहन बरामद




दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायगढ़ जिले से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने भिलाई, रायपुर और बिलासपुर से तीन मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीनों बाइक बरामद कर ली हैं। जब्त किए गए वाहनों की कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपए बताई गई है। मामला जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर का है। युगल पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 जून 2026 को उसका भाई कुणाल पटेल अपनी बाइक (CG 07 CU 6238) से सामान खरीदने कैलाश नगर गया था। खरीदारी के बाद जब वह वापस लौटा तो वहां खड़ी बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिली, जिसके बाद जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। रायगढ़ में मिला आरोपी का लोकेशन
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद टीम ने रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर क्षेत्र से आनंदी मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कैलाश नगर से यामाहा आर-15 चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही उसने करीब दो साल पहले बिलासपुर से एक होंडा साइन और 20 से 25 दिन पहले रायपुर क्षेत्र से एक केटीएम बाइक चोरी करने की बात भी बताई। आरोपी की निशानदेही पर तीनों बाइक बरामद
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर तीनों मोटरसाइकिल बरामद करने में सफल रही। इनमें यामाहा आर-15, होंडा साइन और बिना नंबर की केटीएम बाइक शामिल है। तीनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपए आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों पर नजर रखता था। मौका मिलते ही वह बाइक चोरी कर लेता था। चोरी के बाद वह वाहनों को दूसरे जिले में ले जाकर छिपा देता था, ताकि पुलिस आसानी से उसका पता न लगा सके। ओडिशा का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय आनंदी मंडल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ओडिशा के संबलपुर जिले का रहने वाला है। फिलहाल वह छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया थाना क्षेत्र के दर्राभाठा रिसोड़ा गांव में रह रहा था। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने इसके अलावा अन्य जिलों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *