![]()
भिवानी जिले के लोहारू में एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर उसके खाते से 74 हजार 520 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित युवक पंकज ने इस संबंध में थाना लोहारू में शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है। पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे बताया कि उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर एक हेल्थ पॉलिसी सक्रिय है। आरोपी ने उसे यह पॉलिसी बंद करने के लिए व्हाट्सएप पर भेजे गए एक लिंक को खोलकर एसबीआई हेल्थ इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करने को कहा। ठगों ने मोबाइल फोन हैक किया शिकायतकर्ता के अनुसार, जैसे ही उसने बताए गए लिंक और ऐप के माध्यम से पॉलिसी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की, साइबर ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड का नियंत्रण हासिल कर लिया। इसके बाद उसका मोबाइल भी हैक हो गया। कुछ ही समय बाद, उसके क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग लेनदेन में 43 हजार 200 और 31हजार 320 रुपए, यानी कुल 74 हजार 520 रुपए निकाल लिए गए। ठगी का पता चलते ही पंकज ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद उसने थाना लोहारू में भी लिखित शिकायत देकर मामले की जांच करने और ठगी गई रकम वापस दिलवाने की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक ने की रुपए वापस दिलाने की मांग पंकज ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच करने, साइबर ठगी में शामिल आरोपियों का पता लगाने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसके क्रेडिट कार्ड से निकाली गई 74 हजार 520 रुपए की राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस से अपील की गई है कि बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप लिंक और संबंधित डिजिटल गतिविधियों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि फ्रॉड की धारा में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने लोगों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक और सचेत रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल पर आए लिंक को न खोलें और बैंक, क्रेडिट कार्ड या इंश्योरेंस से संबंधित जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Source link
भिवानी में युवक के अकाउंट से निकाल ₹74 हजार:हेल्थ पॉलिसी बंद कराने दिया झांसा, व्हाट्सएप पर भेजा लिंक, क्लिक करते ही कटे रुपए
