Headlines

भोजपुर- बैरक में फायरिंग, होमगार्ड जवान की मौत:दोस्त की राइफल से चली गोली, सीने के पार हुई बुलेट; ड्यूटी के बाद खाना खाकर सो रहा था




भोजपुर में बैरक में चली गोली से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। जिले के संदेश थाना कैंपस स्थित बैरक में रविवार की रात घटना हुई। थ्री नॉट थ्री राइफल से सीने के बाईं ओर गोली लगी, जो बॉडी को डैमेज करते हुए दाएं कंधे से बाहर निकल गई। मृतक जवान की पहचान सहार के गुलजारपुर गांव वार्ड नंबर-12 निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र मोनल राय(25) के रूप में हुई है। फायरिंग की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहे जवान मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ जवान को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आरा रेफर कर दिया। आरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया। साथी जवान की राइफल से गोली चली है। हालांकि फायरिंग किसने की है, इस बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पहली पोस्टिंग भोजपुर जिले में हुई थी मोनल राय साल 2025 में होमगार्ड में भर्ती हुए थे। उनकी पहली पोस्टिंग भोजपुर जिले के खवासपुर थाना में हुई थी। इसके बाद उन्होंने नारायणपुर थाना और आरा मंडल कारा में ड्यूटी की। करीब एक महीने पहले उनका तबादला संदेश थाना में हुआ था। जांच के लिए FSL टीम पहुंची रविवार की शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बैरक में खाना खाकर अपने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान गोली चलने से बैरक में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित, होमगार्ड कमांडेंट सुभाष सिंह, नगर थानाध्यक्ष देवराज राय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। गोली चलने में इस्तेमाल राइफल को जब्त कर लिया है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण स्पष्ट नहीं एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि बैरक में फायरिंग के दौरान जवान मोनल राय के सीने में गोली लगी थी। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और विभागीय जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल कुछ भी कहना मुश्किल है। मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया है। जिस जवान की राइफल से गोली चली, वो और मोनल राय दोस्त थे। दोनों के बीच पहले से किसी विवाद की जानकारी नहीं मिली है। गश्ती दल के जवानों से भी पूछताछ की गई है। बाइक खरीदने की कर रहा था तैयारी मोनल राय के बड़े भाई धीरज कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी दूसरे लोगों से मिली। रविवार की देर शाम करीब आठ बजे उनकी मोनल से फोन पर बात हुई थी। उस वक्त ड्यूटी से लौटा ही था। सब कुछ ठीक था। मेरा भाई बाइक खरीदने की तैयारी कर रहा था, ताकि आने-जाने में परेशानी न हो। उन्होंने उसे छुट्टी लेकर घर आने और फिर साथ में बाइक देखने की सलाह दी थी। इस पर मोनल ने बताया था कि साहब से छुट्टी नहीं मिली है। वह मंगलवार को छुट्टी लेकर घर आएगा। भाई का किसी से कोई विवाद नहीं था। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। गोली चलने की सूचना पर बैरक पहुंचे साथी जवान साथी जवान उत्तम ने बताया कि उनके कमरे में चार जवान रहते थे। शाम की ड्यूटी के बाद सभी बैरक लौट आए थे। खाना खाने के बाद उन्होंने कुछ देर आराम किया। करीब साढ़े नौ बजे मिठाई खाने के बाद वह सो गए। इसके बाद वे लोग रात की ड्यूटी के लिए निकल गए थे। गोली चलने की सूचना मिलने पर जब वे बैरक पहुंचे, तो कमरे में मौजूद दो जवान सचिन और रिशु रो रहे थे। उन्होंने बताया कि मोनल को गोली लग गई है। इसके बाद सभी आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उत्तम ने कहा कि गोली कैसे चली, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। घर में मचा कोहराम मोनल राय अपने भाई धीरज कुमार और बहन सोनी कुमारी से छोटे थे। उनकी मां अनीता देवी गृहिणी हैं, जबकि पिता किसान हैं। बड़े भाई धीरज कुमार बालू घाट पर काम करते हैं। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *