![]()
मंडला की अंडर-15 फुटबॉल टीम ने मध्य प्रदेश जूनियर बॉयज़ स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। राज्य चैंपियन बनकर लौटी टीम का गुरुवार को मंडला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। जिला फुटबॉल संघ (DFA) मंडला की इस टीम ने फाइनल मुकाबले में मजबूत इंदौर को 4-2 से हराकर पहली बार यह गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ टीम ने जिले के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी, अभिभावक और नागरिक विजेता टीम के स्वागत के लिए एकत्र हुए। टीम के पहुंचते ही पूरा परिसर तालियों और जयघोष से गूंज उठा। खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। जिला फुटबाल संघ ने किया अभिनंदन इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, उपाध्यक्ष अनिल सोनी और भीष्म द्विवेदी सहित संघ के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का अभिनंदन किया। सभी ने इस सफलता को खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और जिला फुटबॉल संघ के सतत प्रयासों का परिणाम बताया। खेल प्रेमियों का मानना है कि मंडला की यह ऐतिहासिक उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। यह भविष्य में मंडला को प्रदेश के प्रमुख फुटबॉल केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Source link
मंडला अंडर-15 टीम बनी राज्य चैंपियन:ऐतिहासिक जीत पर शहर में किया स्वागत
