Headlines

मंडी में एचआरटीसी पेंशनरों का फूटा गुस्सा:9 महीने से 3% डीए लंबित; समय पर पेंशन और एरियर नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी




एचआरटीसी पेंशन कल्याण संगठन मंडी की मासिक बैठक नागरिक भवन में हुई। इसमें पेंशनरों को समय पर पेंशन नहीं मिलने, 3 प्रतिशत डीए की लंबित किस्त और पेंशन एरियर का भुगतान नहीं होने को लेकर सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। संगठन के अनूप कपूर ने बताया कि सरकार ने हर महीने की 10 तारीख तक सभी एचआरटीसी पेंशनरों को पेंशन जारी करने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद इस बार भी 14 सितंबर तक पेंशन अलग-अलग हिस्सों में मिलती रही। सरकार ने 20 करोड़ रुपए जारी करने और बाकी राशि एचआरटीसी प्रबंधन से उपलब्ध करवाने की बात कही थी, ताकि करीब 9 हजार पेंशनरों को एक ही दिन पेंशन मिल सके। इसके बावजूद कुछ छोटी शाखाओं में पेंशन समय पर नहीं पहुंची। अनूप कपूर बोले- 9 महीने से 3 प्रतिशत डीए की किस्त भी लंबित है अनूप कपूर ने कहा कि करीब 9 महीने से 3 प्रतिशत डीए की किस्त भी लंबित है। मुख्यमंत्री की ओर से डीए जारी करने का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा पेंशन एरियर का भुगतान भी लंबित है। उन्होंने बताया कि संगठन की त्रैमासिक बैठक 24 सितंबर को नालागढ़ में होगी। इसमें पेंशनरों की लंबित मांगों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो करीब 9 हजार पेंशनर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर पेंशनर आंदोलन नहीं करना चाहते, लेकिन अनदेखी जारी रही तो सड़कों पर उतरकर विरोध किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *