Headlines

मंडी में भूस्खलन से 2 मकान क्षतिग्रस्त:भारी बारिश से 4 दुकानें-2 कारें मलबे में दबीं; 12 लोगों ने छोड़े असुरक्षित घर




मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत चुरढ़ में गुरुवार को भारी भूस्खलन हुआ। लगातार बारिश के बीच चुरढ़ स्कूल के पास दोपहर बाद पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा खिसक गया। इससे 2 तीन मंजिला रिहायशी मकान क्षतिग्रस्त हो गए। भूस्खलन के कारण बड़े-बड़े पत्थर और मलबा मकानों की ओर आ गया। एक मकान के चार शटर मलबे में दब गए, जिनके अंदर खड़ी दो कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। जानकारी के अनुसार भारी बारिश के बाद दोपहर में नंदलाल और ब्रेस्तु राम शास्त्री के मकानों के पास की जमीन खिसक गई। दोनों चुरढ़ के रहने वाले हैं और नरसिंघु के बेटे हैं। मलबे और पत्थरों से मकानों की नींव और दीवारों को नुकसान पहुंचा है। एक तीन मंजिला मकान में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे उसके और क्षतिग्रस्त होने का खतरा है। भूस्खलन का अंदेशा होते ही प्रभावित मकानों में रह रहे परिवार समय रहते बाहर निकल गए थे। प्रशासन ने इन दोनों मकानों को रहने के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया है। सुरक्षा को देखते हुए करीब 12 लोगों को अपने घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा है। सुंदरनगर-चाह का डोहरा-त्रिफालघाट सड़क मार्ग भूस्खलन यह भूस्खलन सुंदरनगर-चाह का डोहरा-त्रिफालघाट सड़क मार्ग पर हुआ है। इससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क बंद होने से इलाके के हजारों लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है। दुकानों, वाहनों और रिहायशी मकानों को हुए नुकसान से करोड़ों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। प्रशासन ने हालात का जायजा लिया घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर के एसडीएम अमर नेगी, थाना प्रभारी कमलकांत और लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है, वहीं लोक निर्माण विभाग की टीमें सड़क से मलबा हटाने में लगी हैं। स्थानीय विधायक राकेश जंवाल ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *