![]()
दुर्गा पूजा को लेकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। पूजा को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं। जगह-जगह पूजा पंडालों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पंडालों को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट के साथ विद्युत लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडाल परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में भास्कर प्रतिनिधि ने शहरी क्षेत्र की महावीर चौक दुर्गा पूजा समिति की ओर से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। समिति के सचिव राजेश कुमार टिंकू ने बताया कि अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में समिति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाएगी। पूजा को भव्य रूप देने के लिए अध्यक्ष सहित समिति के पदाधिकारी दिन-रात कार्य में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि समिति वर्ष 1966 से लगातार भव्य पूजा का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष समिति गुजरात स्थित नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रारूप तैयार कर रही है। यह काफी आकर्षक और अद्भुत होगा। पंडाल की चौड़ाई 30 फीट और ऊंचाई 60 फीट होगी। पंडाल के अंदर 15 फीट ऊंची मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। यह श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। मां दुर्गा की प्रतिमा बंगाल के मूर्तिकार कालू सूत्रधार द्वारा बनाई जा रही है। पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र को आकर्षक और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठेगा। उन्होंने बताया कि पंडाल परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। पूजा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।बताया गया कि लगभग सात लाख रुपये की लागत से पंडाल निर्माण, सजावट, पूजा सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
Source link
महावीर चौक में गुजरात के नागेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर का प्रारूप बनेगा
