Headlines

मोतिहारी DM ने चेहल्लुम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था परखी:संवेदनशील इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को दिए निर्देश




मोतिहारी में चेहल्लुम पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने मंगलवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील चौक-चौराहों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक, ज्ञान बाबू चौक और मीना बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों का दौरा किया। पुलिस बल और दंडाधिकारियों को तैनात किया उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि चेहल्लुम पर्व के लिए जिले के सभी संवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली गई है। इन स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों को तैनात किया गया है। प्रशासन का सहयोग करने की अपील की उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने का निर्देश दिया। कंट्रोल रूम को भी सक्रिय रखकर हर गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया है। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि जुलूस या भीड़ के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो। सभी महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। जिलाधिकारी ने आम लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पूरे जिले में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने दावा किया है कि चेहल्लुम पर्व के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *