![]()
यमुनानगर के जगाधरी के देवी भवन बाजार स्थित बंसल एंटरप्राइजेज की मेटल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह सेंट्रल जीएसटी की टीम ने रेड की। पंजाब नंबर की चार इनोवा कारों में सवार होकर पहुंची टीम ने सुबह करीब सात बजे फैक्ट्री को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद बाहरी लोगों की फैक्ट्री में एंट्री रोक दी गई और किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को बिना अनुमति बाहर नहीं जाने दिया गया। शाम तक टीम की कार्रवाई जारी रही। सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री राकेश बंसल की बताई जा रही है। सेंट्रल जीएसटी की करीब 16 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम फैक्ट्री के अंदर सेल और प्रचेज से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में जुटी रही। टीम ने फैक्ट्री में मौजूद बिल, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, जीएसटी टीम की ओर से कार्रवाई को लेकर अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान सामने नहीं आया है। 6 जुलाई को प्रदूषण बोर्ड ने बंद कराई थी फैक्ट्री जानकारी के अनुसार, बंसल एंटरप्राइजेज की इस मेटल फैक्ट्री को हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की ओर से 6 जुलाई 2026 को अस्थायी तौर पर बंद किया गया था। अब करीब डेढ़ महीने बाद सेंट्रल जीएसटी की टीम के पहुंचने से कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, फैक्ट्री को पहले बंद किए जाने और मौजूदा जीएसटी कार्रवाई के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा- कार्रवाई चल रही है फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस भी मौजूद है। बुड़िया चौकी प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि जीएसटी की टीम किस मामले के सिलसिले में फैक्ट्री पहुंची है, इस संबंध में जानकारी साझा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि टीम की कार्रवाई जारी है।
Source link
यमुनानगर की मेटल फैक्ट्री में GST टीम की रेड:सेल-परचेज के दस्तावेज खंगाल रही, पंजाब नंबर चार इनोवा में पहुंची टीम
