Headlines

यमुनानगर में गार्ड को बंधक बनाकर कारोबारी के घर लूट:मारपीट कर चाबियां छीनीं; महिला समेत 3 आरोपियों ने की वारदात




यमुनानगर की प्रोफेसर कॉलोनी में बीती रात प्लाईवुड कारोबारी भुवनेश्वर बंसल के घर में महिला समेत तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश पहले सिक्योरिटी गार्ड को धारदार हथियार के बल पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उससे मकान की चाबियां छीन लीं। चाबियां मिलते ही महिला और एक युवक घर के अंदर घुस गए, जबकि तीसरा बदमाश हथियार लेकर गार्ड की निगरानी करता रहा। आरोपी घर से जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटकर कार में बैठकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। रात 2 बजे कार से पहुंचे, गार्ड को बंधकर बनाया जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी प्लाईवुड फैक्ट्री कारोबारी भुवनेश्वर बंसल अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे। घर की सुरक्षा के लिए गांव सुघ निवासी रोशन लाल सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात था। रोशन लाल ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो बजे एक कार मकान के बाहर आकर रुकी। कार से एक महिला और दो युवक उतरे। पहले एक युवक उसके पास आया और मकान की चाबियां मांगने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घसीटकर कमरे में ले गए। धारदार हथियार दिखाकर कमरे में बैठाए रखा गार्ड के अनुसार आरोपियों ने उसके हाथ से चाबियां छीन लीं। इस दौरान एक युवक धारदार हथियार लेकर उसके पास ही बैठा रहा, ताकि वह किसी को सूचना न दे सके। वहीं महिला और दूसरा युवक चाबियां लेकर घर के अंदर दाखिल हो गए। दोनों ने घर में रखे जेवरात और अन्य कीमती सामान समेटा और बाहर निकलकर कार में बैठकर फरार हो गए। आरोपियों के फरार होने के बाद रोशन लाल ने तुरंत मकान मालिक भुवनेश्वर बंसल को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में दिखा कि महिला ने भी अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। सीसीटीवी फुटेज से होगी पहचान शहर यमुनानगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी क्या लूटकर ले गए हैं इसकी अभी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *