![]()
तथाकथित संत रामपाल ने देश-दुनिया के तमाम बड़े हिंदू धर्मगुरुओं, मठाधीशों और आचार्यों को खुला चैलेंज दे दिया है। रामपाल ने दावा किया है कि वर्तमान में धर्मगुरु जनमानस को जो आध्यात्मिक ज्ञान दे रहे हैं, वह शास्त्रों के अनुकूल नहीं है। अपने इस दावे को सिद्ध करने के लिए उन्होंने धर्मगुरुओं को टीवी पर लाइव डिबेट की सीधी चुनौती दी है। यह डिबेट 3 और 4 अक्टूबर को प्रसारित की जाएगी। इस पूरी बहस का सबसे बड़ा और विवादित एंगल रामपाल महाराज का 50 लाख रुपये का ऑफर है। उन्होंने खुला ऐलान किया है कि यदि कोई भी धर्मगुरु, शास्त्री या मठाधीश पवित्र सद्ग्रंथों के आधार पर उनके ज्ञान को गलत या झूठा साबित कर दे, तो वे उसे तुरंत 50 लाख रुपये का नकद इनाम देंगे। वहीं, रामपाल का कहना है कि यदि उनका ज्ञान सर्वोत्तम और शास्त्र सम्मत सिद्ध होता है, तो उन्हें बदले में कोई इनाम या दक्षिणा नहीं चाहिए। बता दें कि हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के गाने तत्वदर्शी के बाद रामपाल का विरोध शुरू हो गया है। जगह-जगह उसके पोस्टर फाड़े गए और जलाए, इन सब कंट्रोवर्सी के बीच रामपाल ने यह पैतरा चला है। रामपाल बोला-कोई जज नहीं बनेगा
रामपाल का कहना है कि इस डिबेल का कोई जज नहीं होगा। उसका कहना है कि देश की आम जनता ही निष्पक्ष जज की भूमिका निभाएगी। जनता टीवी देखकर अपने विवेक से फैसला करेगी कि कौन सा गुरु शास्त्रों के अनुसार सही ज्ञान दे रहा है। रामपाल ने चुनौती के लिए नियम और दायरा भी तय कर दिया है। उनका कहना है कि चर्चा किसी मनघड़ंत कहानियों पर नहीं, बल्कि सनातन धर्म के मूल प्रमाणिक ग्रंथों पर होगी। डिबेट चारों वेद, श्रीमद्भगवद्गीता, 18 पुराण, वाल्मीकि रामायण, श्रीरामचरितमानस, महाभारत और श्रीमद्भागवत सुधा सागर के आधार पर होगी। प्रेमानंद महाराज सहित धर्मगुरुओं को ढोंगी बताया था रामपाल के सोशल मीडिया पेज स्प्रीच्युअल लीडर संत रामपाल पर यह वीडियो क्लिप डाला था। वीडियो में रामपाल ने हिंदू धर्मगुरुओं पर निशाना साधा है। इसमें रामपाल कहता है कि धर्मगुरु लोगों को आज भी मूर्ख बना रहे हैं और ढोंग रच रहे हैं। बैकग्राउंट में प्रेमानंद महाराज, धीरेंद्र शास्त्री, श्रीश्री रविशंकर, देवकीनंदन ठाकुर सहित धर्मगुरुओं के चित्र लगाए गए हैं, जहां वो इशारा करते हुए ये सब बातें कहता है। मासूम शर्मा ने पाखंड़ी बाबाओं पर साधा था निशाना बदमाशी कल्चर वाले गानों के लिए कंट्रोवर्सी में रहे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा फिर सुर्खियों में हैं। 26 अगस्त को मासूम ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर नए सॉन्ग ‘तत्वदर्शी’ का साढ़े 3 मिनट का ऑफिशियल ट्रैक जारी किया। जिसमें पाखंडी बाबाओं और डेरों को निशाने पर लिया है। गाने का ट्रैक जारी होते ही विवाद भी शुरू हो गया था। लिरिक्स के जरिए बड़े बाबाओं को आड़े हाथ लिया… बुगले बरगे कपटी मानसः सॉन्ग के एक हिस्से में कहा है- बुगले बरगे कपटी मानस घने फिर सै गुरु बने, जगह-जगह पे डेरे खुल गए, बैठे से कई गुरु बने। सब अपनी जंजीर बांध दे अपनी-अपनी शिक्षा दे, अरे राम नाम का ओट लेके बंद कमरे में दीक्षा दे। दयानंद जैसे पुरुषां की माड़ी सीख बता दे रे, चोर कहवे जो कृष्ण ने, वे किसने ठीक बता दे रे। वो काढ खोट जिसने बेरा कोनी महत्व का। तत्वदर्शी बने फिरे और बेरा कोणी तत्व का। दूध चढ़ाव मुस्टंडे, उसकी बनी खीर खावेः भक्तणियां की बात कसूती.. मुक्ति टोवे डेरा मैं, घर के बालक भूखे सोवे, रोटी पोवे डेरो में, दूध चढ़ाव मुस्टंडे, उसे दूध तै खीर बने, प्रसाद की तरह खावै लोग, सोचे अमर शरीर बने, सच्चे मानस थोड़े सै, बेईमान भतेरे सै, अनाथ आश्रम, वृद्धा आश्रम सुथरा बिजनेस टोरे सै, कॉपी ठाए देश फिरे सै, चंदा करते हांडे सै, ले के कई नाम का धंधा करते सै। पर्चे खोले औरां कै, खुद के पर्चे खिंडे पड़ेः कथा करनिए बिजनेस कर रै, घस्से मारे ये बड़े-बड़े, पर्चे खोले औरा कै, खुद के पर्चे खिंडे पड़े। जो दिन-रात लीन रहवै सै भक्ति में वे गिने-चुने सन्यासी सै, बाकी तो घणे पाखंडी करके करे उत अय्याशी सै। 11 साल बाद जेल से छूटा सतलोक आश्रम का प्रमुख रामपाल 11 साल, 4 महीने और 24 दिन जेल में बिताने के बाद 10 अप्रैल 2026 को हिसार की सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया और सोनीपत के धनाना स्थित सतलोक आश्रम पहुंचा था। तब से लेकर अब तक वह धनाना आश्रम में है। बरवाला कांड के बाद पुलिस ने रामपाल, उनके भाई और अन्य समर्थकों पर देशद्रोह, हत्या और आपराधिक साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन मामलों में उन्हें 2018 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, 2025 में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया और बाद में उन्हें देशद्रोह से संबंधित मामलों में भी जमानत हो गई थी।
Source link
रामपाल का सनातम धर्मगुरुओं को ओपन डिबेट का चैलेंज:हराने वाले को 50 लाख का देगा; मासूम शर्मा के गाने से हुए नुकसान की भरपाई
