Headlines

रामपुर जिला अस्पताल का रैन बसेरा बंद:गटर के टूटे ढक्कन के पास गुजार रहे रात, पूर्व सांसद जयप्रदा ने बनवाया था




रामपुर जिला अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों को रात गुजारने में परेशानी हो रही है। अस्पताल परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग रैन बसेरे बने हैं, लेकिन इन दिनों दोनों पर ताला लगा है। ऐसे में मरीजों के तीमारदार खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं। शनिवार-रविवार की आधी रात करीब 12 बजे अस्पताल परिसर में कई तीमारदार जमीन पर सोते मिले। कुछ लोग गटर के टूटे ढक्कन के पास जमीन पर लेटे थे। आसपास आवारा कुत्ते भी घूम रहे थे। तीमारदारों का कहना है कि रैन बसेरा बंद होने के कारण उनके पास रात गुजारने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। पंखे, हीटर, बेड और पानी की सुविधा अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे का निर्माण रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा नाहटा ने कराया था। यहां गर्मी में पंखे, सर्दी में हीटर, पीने के साफ पानी के साथ बेड और बिस्तर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके बावजूद रैन बसेरा बंद होने से मरीजों के साथ आए तीमारदार इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। बोले- पत्नी भर्ती है, तीन रात से बाहर सो रहा नधनऊ के महेंद्र सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन रात से अस्पताल परिसर के बाहर सो रहे हैं। उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे का ताला खुलना चाहिए, क्योंकि मजबूरी में उन्हें यहीं रात गुजारनी पड़ रही है। बुजुर्ग महिला तीमारदार सादरा बेगम ने बताया कि रैन बसेरा खुल जाए तो काफी राहत मिलेगी। वहां पंखे, बिजली और सोने के लिए बेड की व्यवस्था है, लेकिन बंद होने के कारण इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है। एक अन्य बुजुर्ग महिला तीमारदार खातून जहां ने कहा कि अगर मरीजों के तीमारदारों के लिए सुविधाएं बनाई गई हैं, तो उनका लाभ भी मिलना चाहिए। खुले में जमीन और पत्थरों पर सोने से काफी परेशानी होती है। महिलाओं, बुजुर्गों और दूर से आने वालों को ज्यादा परेशानी तीमारदारों का कहना है कि मरीज के इलाज के साथ उनके ठहरने की व्यवस्था भी जरूरी है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए रात में खुले में रहना मुश्किल हो जाता है। CMO बोलीं- पता करेंगी रैन बसेरा क्यों बंद है सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि वह पता करेंगी कि जिला अस्पताल परिसर में बने रैन बसेरे में ताला क्यों लगा है। उन्होंने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की बात कही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *