Headlines

नालंदा में बाजार जा रहे बुजुर्ग की हादसे में मौत:यात्रियों से भरे ऑटो में सवार थे, अज्ञात वाहन टक्कर मारकर फरार; पटना ले जाते समय तोड़ा दम




नालन्दा के बिहार शरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर शाम हुए एक सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। दुर्घटना रसूला गांव के समीप घटी, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने यात्रियों से भरे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव निवासी स्वर्गीय मंगल महतो के 62 वर्षीय पुत्र योगेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है। इस असमय मौत के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा घटना के संबंध में मृतक के दामाद सुजीत कुमार ने बताया कि योगेंद्र प्रसाद शनिवार शाम अपने निजी कार्य से अजयपुर गांव के पास से एक टेंपो पर सवार होकर परवलपुर बाजार जा रहे थे। जैसे ही टेंपो बिहार शरीफ-एकंगरसराय मुख्य मार्ग स्थित रसूला गांव के समीप पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि योगेंद्र प्रसाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद डायल 112 की पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी परवलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने भी स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान पटना ले जाने की सलाह दी। परिजन उन्हें एंबुलेंस से पटना ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। खेती-बाड़ी से चलता था घर का खर्च परिजनों ने रोते-बिलखते बताया कि योगेंद्र प्रसाद मूल रूप से खेती-बाड़ी का कार्य करते थे और वही अपने परिवार के मुख्य भरण-पोषणकर्ता थे। घर के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कर रही मामले की जांच परवलपुर थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाश में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *