Headlines

लखीसराय में भूमि विवाद में 1 व्यक्ति घायल:मारपीट और फायरिंग का आरोप, सदर अस्पताल रेफर




लखीसराय के रामगढ़चौक थाना क्षेत्र स्थित भंवरिया गांव में गुरुवार को पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। इस घटना में भंवरिया गांव निवासी अनिल यादव घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, अनिल यादव गुरुवार को अपने खेत की जुताई कराने गए थे। इसी दौरान पुराने भूमि विवाद को लेकर गांव के ही जीतन यादव, मौली यादव और कुछ अन्य लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीण बोले-विवाद के दौरान 9 राउंड फायरिंग घायल अनिल यादव की बेटी सिंपी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उनके पिता के साथ मारपीट की और उन पर गोली चला दी। सिंपी के मुताबिक, गोली अनिल यादव को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। ग्रामीणों ने दावा किया है कि विवाद के दौरान करीब नौ राउंड फायरिंग हुई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अनिल यादव को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़चौक पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच की जा रही घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। रामगढ़चौक थानाध्यक्ष चुन्नु कुमार ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर गई थी और घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि गोली चलने की सूचना की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *