![]()
लुधियाना में गोवंश की तस्करी के खिलाफ काम कर रहे संयुक्त गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय प्रधान गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज करवाया है। शिकायत के मुताबिक 10 सितंबर को वह अपने साथी मानिक गोयल के साथ निजी काम से लाडोवाल साइड जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप (नंबर HP37G-5215) में चार गायों को लोड कर काटने के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद गुरप्रीत सिंह और उनके साथी ने दक्षिणी बाईपास पर रुककर उक्त वाहन का इंतजार करना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद उन्हें वेरका प्लांट की तरफ से उक्त नंबर की पिकअप आती दिखाई दी। उन्होंने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे भगा लिया। साहनेवाल इलाके तक किया पीछा शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके बाद उन्होंने पिकअप का पीछा किया। वाहन साहनेवाल थाना क्षेत्र के बिलगा एरिया में पहुंचा तो चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 4 गायें लदी हुई मिलीं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। थाना साहनेवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पिकअप चालक और उसके साथी के खिलाफ Punjab Prohibition of Cow Slaughter Act, 1955 की धारा 4-A, 4-B, 8 तथा Prevention of Cruelty to Animals Act, 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों गायें कहां से लाई गई थीं और उन्हें जम्मू-कश्मीर ले जाने की योजना किसकी थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी सामने आने की संभावना है।
Source link
लुधियाना में गोवंश तस्करी की सूचना पर कार्रवाई:गायों से लदी पिकअप छोड़कर भागे आरोपी, जम्मू-कश्मीर से लाने का शक, वाहन कब्जे में लिया
