![]()
लुधियाना के लाडोवाल इलाके में बदमाशों ने गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावर बाइक पर आए थे और उन्होंने पूर्व सरपंच की इनोवा कार पर करीब 10 राउंड फायरिंग की। फायरिंग की यह पूरी घटना कार के कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में उन्हीं की गाड़ी में डीएमसी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। अकेले खेतों से लौटते वक्त हुआ हमला नवतेज सिंह 3 अक्टूबर की शाम गांव मनेवाल स्थित अपनी 30-35 एकड़ जमीन पर चल रहा काम देखकर वापस अपने घर (कृष्णा नगर, घूमार मंडी) लौट रहे थे। शाम को उनकी गाड़ी लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड के पुल की तरफ मुड़ी पंजाब फूड ऑफिस के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर गोलियों की बौछार कर दी। रोज उनके साथ उनका वकील बेटा भी जाता था, लेकिन कल वे अकेले थे। कार के कैमरे में कैद हुई वारदात परिवार ने पुलिस को कार के कैमरे की सीसीटीवी वीडियो सौंपी है। फुटेज में दिख रहा है कि 6:25 पर सामने से दो बाइक सवार आते हैं और 6:27 पर फायरिंग शुरू कर देते हैं। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गोलियां चलाईं। पहले वे आगे से आए और फिर पीछे जाकर दोबारा ड्राइवर साइड पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिससे ड्राइवर साइड का शीशा चकनाचूर हो गया। रिश्तेदारों से चल रहा था जमीनी विवाद पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक नवतेज सिंह का अपने ही रिश्तेदारों (शरीकेबाजी) के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। परिवार को पूरा शक है कि इसी रंजिश के चलते किसी को पैसे देकर यह हत्या करवाई गई है। नवतेज सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, एक वकील बेटा और अमृतसर में ब्याही एक बेटी है। पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच थाना प्रभारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी । पुलिस परिवार द्वारा दी गई सीसीटीवी और कार की फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल शव को कब्जे में ले लिया गया था और आज उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Source link
लुधियाना में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या:आज होगा पोस्टमार्टम; जमीनी विवाद का शक,कार के सीसीटीवी में कैद हुई घटना
